कर्फ्यू का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त हो गई है। कर्फ्यू तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर हिरासत में लिया जा रहा है। लॉकडाउन पीरियड के दौरान पुलिस ने अब तक ऐसे 941 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, जिन्होने कर्फ्यू नियमों का उल्लंघन किया है, जिसमें 807 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा लोगों के खिलाफ कारवाई अमल में लाई गई है। कांगड़ा में पुलिस ने अब तक सबसे ज्यादा 176 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इतना ही नहीं, पुलिस द्वारा यहां 174 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, वहीं ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इसी बीच पुलिस थाना सदर चंबा में इसी तरह का एक नया मामला सामने आया है। रजनीश कुमार चंबा शहर के मोहल्ला सुलतानपुर में बतौर किरायेदार रहता है। वह अपने बेटे, बहू व एक अन्य लड़के के साथ अपने निजी वाहन में बिना पुलिस व प्रशासन को सूचित किए अपने पैतृक गांव दीनानगर (पंजाब) गया था। पंजाब जाने के बाद वह चोरी छिपे चंबा लौट आया। पुलिस को जब इस मामले की भनक लगी तो पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसकी पुष्टि एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने की। उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए प्रशासन के आदेशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि कफ्यरू के आदेशों की अवहेलना करने वालों की सूचना वाट्सएप्प हेल्पलाइन नंबर 9459454968 व 7876599595 पर दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जा सके।