डलहौज़ी हलचल (सुजानपुर) :- सुजानपुर में झूला झूलते फंदा लगने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक आठवीं कक्षा का छात्र था और गरीब परिवार से संबंध रखता था। उसकी एक छोटी बहन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सुजानपुर के वार्ड सात में 14 वर्षीय किशोर घर के साथ खेत में पेड़ से दुपट्टे का झूला बनाकर झूल रहा था। इस दौरान उसके गले में दुपट्टे से फंदा लग गया। स्वजनों ने दुपट्टे को काटकर किशोर को नीचे उतारा और तुरंत उसे सुजानपुर अस्पताल में ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की पुष्टि थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने की है। तहसीलदार सुरेश शर्मा व पटवारी प्रभात पठानिया ने मृतक के स्वजनों को पांच हजार रुपये फौरी राहत राशि दी है।