डलहौज़ी हलचल (मनाली) : मनाली के छियाल गांव में एक 3 मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। इसमें करीब 5 लाख रुपए की संपत्ति का नुक्सान हुआ है। आंखों के आगे जलते आशियाने को देखकर सदमे में एक व्यक्ति की जान चली गई। मकान व अपने को खोने से परिवार सदमे में है।
मंगलवार रात करीब ढाई बजे छियाल गांव के तीन भाइयों 55 वर्षीय तेज राम, कबीर चंद व वेद राम पुत्र नोक राम के संयुक्त मकान की तीसरी मंजिल में आग लग गई। लकड़ी का मकान होने के कारण आग और प्रचंड हो गई। परिवार के सदस्य आग बुझाने में जुट गए। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद करने लगे। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मकान को पूरी तरह से जलने से बचा लिया। आग से तीसरी मंजिल को को काफी नुकसान हुआ है। आग बुझने से साथ लगते मकान जलने से बच गए। तीन भाइयों में सबसे बड़े तेज राम को आग से मकान जलने का गहरा सदमा लगा। स्वजन उसे मनाली अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दमकल विभाग मनाली के अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि मामले की जांच कर रही है। तेज राम को मनाली अस्पताल लाया गया था, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित करार दिया। उसके शरीर पर कोई जलने का निशान नहीं था। प्रारंभिक जांच में यही बात सामने आई है कि तेज राम का गहरा सदमा लगा था। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही पता चलेगा।