डलहौज़ी हलचल (शिमला) : असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन हो गया है। इस बात की घोषणा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने की। तरुण गोगोई के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और ट्वीट कर लिखा कि "असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करे ।"
तरुण गोगोई असम के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। वे 2001 से 2016 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। वे कांग्रेस पार्टी के नेता थे। वे लगातार 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री के पद पर रहे थे। तरुण गोगोई का जन्म एक अप्रैल 1936 में हुआ था। उनके पिता डॉक्टर थे। उन्होंने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से एलएलबी की डिग्री ली थी। वे छह बार लोकसभा के सदस्य चुने गये थे। तरुण गोगोई ने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और नरसिंह राव के साथ भी काम किया था।
गौरतलब है कि असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई की तबीयत सोमवार की सुबह और बिगड़ गयी थी। उनकी देख भाल कर रहे चिकित्सकों ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री की हालत बेहद नाजुक है। गौहाटी मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अभिजीत शर्मा ने बताया कि 80 साल की उम्र पार कर चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता की देखभाल नौ चिकित्सकों की एक टीम कर रही थी।
तरुण गोगोई को अगस्त महीने में कोरोना का संक्रमण भी हुआ था जिसके बाद से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।