डलहौज़ी हलचल (चंडीगढ़) :- इस बार पंजाब के लोक नए साल का जश्न नहीं मना सकेंगे। पंजाब सरकार ने नाइट कर्फ्यू 1 जनवरी तक बढ़ा दिया है। पंजाब में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य के सभी शहरों में नाइट कर्फ्यू की समयसीमा बढ़ाकर एक जनवरी करने का आदेश दिया है। राजधानी चंडीगढ़ में जारी एक आधिकारिक वक्तव्य में इस बारे में जानकारी दी गई। पहले की तरह ही यह रात का कर्फ्यू 10 बजे से सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा।
इस संबंधी मुख्यमंत्री ने डी.जी.पी. को निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों की सख्ती से पालना की जाए। मुख्यमंत्री ने डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता को कहा कि वह घरों में 100 और मैरिज पैलेसों व अन्य जगहों पर 250 लोगों की पाबंधी को सख्ती से लागू करें। इसके अलावा अगर कोई इन आदेशों का उल्लंघना करता है तो उसको जुर्माना किया जाए।
बता दें कि पंजाब में अब संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,59,099 हो गए हैं। मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, अब तक राज्य में कोरोना से 5,036 लोगों की मौत हो चुकी है।